ICC T20 Ranking: ईशान किशन की 17 पायदान की छलांग, बने नंबर-8 बल्लेबाज; अभिषेक, सूर्यकुमार और तिलक भी टॉप-10 में..
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताज़ा टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार वापसी की है। बुधवार (18 फरवरी) को जारी रैंकिंग में उन्होंने 17 स्थान की लंबी छलांग लगाई और अब दुनिया के नंबर-8 टी20 बल्लेबाज बन गए हैं। हालिया मैचों में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार रन बनाने का असर सीधे रैंकिंग में दिखा है।
ईशान किशन ने ICC Men’s T20 World Cup 2025/26 में अब तक खेले तीन मैचों में 158 रन बनाए हैं। उन्होंने 52.66 की औसत और 197.50 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए दो अर्धशतक जड़े। उनका सर्वोच्च स्कोर 77 रन रहा। सिर्फ 80 गेंदों में 17 चौके और 10 छक्के लगाकर उन्होंने भारत को तेज शुरुआत दी और टीम की रन गति ऊंची बनाए रखी।
भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा
ताज़ा रैंकिंग में भारत के चार बल्लेबाज टॉप-10 में शामिल हैं:
अभिषेक शर्मा – 891 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज।
तिलक वर्मा – एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर।
सूर्यकुमार यादव – छठे स्थान पर बरकरार।
ईशान किशन – 17 पायदान की छलांग लगाकर आठवें नंबर पर।
इसके अलावा इंग्लैंड के फिल सॉल्ट दूसरे, श्रीलंका के पथम निसंका तीसरे, पाकिस्तान के साहिबाजदा फरहान पांचवें, इंग्लैंड के जोस बटलर सातवें, न्यूज़ीलैंड के टिम सिफर्ट नौवें और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड दसवें स्थान पर हैं।
ऑलराउंडर और गेंदबाजों की रैंकिंग
पाकिस्तान के सैम अयूब शानदार प्रदर्शन के दम पर फिर से दुनिया के नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं।
जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा दूसरे स्थान पर खिसक गए।
नेपाल के दीपेंद्र सिंह एरी और अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई भी टॉप-5 में पहुंचे।
गेंदबाजों की सूची में
भारत के वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर बने हुए हैं।
अफगानिस्तान के राशिद खान एक स्थान ऊपर आकर दूसरे नंबर पर।
भारत के अक्षर पटेल चार स्थान ऊपर चढ़कर 14वें और जसप्रीत बुमराह छह स्थान ऊपर जाकर 15वें नंबर पर पहुंच गए।
(त्रिपाठी पारिजात)



