Bihar: ललन सिंह की मटन पार्टी पर मचना ही था सियासी घमासान, विपक्ष ने लगाया आरोप -हुआ है हिन्दुओं की आस्था का अपमान..
बिहार के लखीसराय जिले में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह द्वारा आयोजित मटन पार्टी पर राजनीति गरमा गई है। सावन के पवित्र महीने में इस तरह का आयोजन होने से विपक्षी दलों को सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया है।
क्या है मामला?
लखीसराय के सूर्यगढ़ा में एक सरकारी कार्यक्रम के बाद ललन सिंह ने अपने समर्थकों और आम लोगों के लिए भोज का आयोजन किया, जिसमें मटन भी परोसा गया। चूंकि यह कार्यक्रम सावन महीने में हुआ, इसलिए विपक्ष ने इसे हिंदू आस्था का अपमान बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।
ललन सिंह ने मंच से किया था एलान
कार्यक्रम में ललन सिंह ने मंच से ही कहा था कि सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है, और जो लोग सावन का व्रत कर रहे हैं उनके लिए शाकाहारी भोजन भी उपलब्ध है। लेकिन जैसे ही यह बात सामने आई कि मटन भी परोसा गया था, विरोधी दलों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला बता दिया।
विपक्ष का तीखा हमला
कांग्रेस नेता बी.वी. श्रीनिवास ने सोशल मीडिया पर लिखा,-“सावन में मोदी-नीतीश की मटन पार्टी! धर्म के ठेकेदार कहां हैं अब?” आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने भी इसे दोहरे चरित्र का उदाहरण बताया और सरकार पर निशाना साधा।
पहले भी मटन को लेकर हुआ है विवाद
यह कोई पहली बार नहीं है जब बिहार की राजनीति में मटन या मछली भोज को लेकर विवाद हुआ हो।
पिछले साल लालू यादव ने सावन में राहुल गांधी को मटन खिलाया था, जिस पर बीजेपी ने कड़ा ऐतराज जताया था। अब जब ललन सिंह ने कुछ वैसा ही किया, तो विपक्ष इसे सत्ता पक्ष की बातों और कामों में अंतर बता कर घेर रहा है।
ललन सिंह ने दी सफाई
ललन सिंह ने सफाई दी है कि भोज में सबके लिए विकल्प मौजूद थे, और किसी की भावनाएं आहत करने का कोई इरादा नहीं था। हालांकि, बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, इसलिए अब हर छोटी-बड़ी बात राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है।
(प्रस्तुति- त्रिपाठी सुमन पारिजात)