India Vs Pakistan: T20 World Cup 2026 में फिर स् भारत ने पाकिस्तान को हराया – इस बार हार का अंतर 61 रन रहा – बायकॉट ड्रामा और शर्मनाक हार ने किया पाक को बेनकाब
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का प्रदर्शन किसी बड़े ड्रामे से कम नहीं रहा। मैच से पहले पाकिस्तान ने बायकॉट की धमकियों और विवादों से माहौल गरमाया, कभी बांग्लादेश के नाम पर नाटक किया तो कभी बहिष्कार की राजनीति खेली। लेकिन जब असली परीक्षा मैदान पर हुई, तो टीम पूरी तरह बिखर गई।
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 114 रन पर ही सिमट गई। भारत ने 61 रन से जीत दर्ज कर पाकिस्तान पर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल की।
पाकिस्तान का खेल देखकर यही लगा कि अगर उसने मैच का बायकॉट कर दिया होता तो कम से कम इतनी शर्मनाक हार से बच जाता। लगातार विवादों और बयानबाज़ी ने खिलाड़ियों का ध्यान क्रिकेट से हटाकर राजनीति में उलझा दिया। नतीजा यह हुआ कि मैदान पर टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान की पूरी रणनीति धराशायी हो गई।
भारत ने दिखाया कि चैंपियन टीम कैसे खेलती है। उसने विवादों से दूर रहकर गेंद और बल्ले से जवाब दिया। अनुशासन, संयम और सटीक योजना के साथ भारत ने साबित किया कि क्यों वह डिफेंडिंग चैंपियन है। दूसरी ओर पाकिस्तान ने इस मैच को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था, जिसका दबाव उसके खिलाड़ियों पर साफ दिखाई दिया।
इस हार के बाद पाकिस्तान पर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। वहीं भारत ने न सिर्फ रिकॉर्ड जीत दर्ज की बल्कि यह भी दिखा दिया कि क्रिकेट में असली ताकत मैदान पर प्रदर्शन से आती है, न कि बाहर की बयानबाज़ी से।
पाकिस्तान की हार ने यह साफ कर दिया कि ड्रामेबाज़ी और बायकॉट की धमकियों से क्रिकेट नहीं जीता जाता। अगर पाकिस्तान ने इतना समय विवादों में गंवाने के बजाय तैयारी में लगाया होता, तो शायद नतीजा कुछ और होता। लेकिन जिस तरह से टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराया, उसके बाद यही कहना सही होगा – ऐसी हार के लिए इतनी ड्रामेबाज़ी करने से बेहतर तो पाकिस्तान बायकॉट ही कर देता।



