IPL 2025: DC vs LSG – Match#5 : आखिरी 3 ओवरों ने लिख दी दिल्ली की जीत की दास्तान – लखनऊ के खिलाफ पलटा मुकाबला, आशुतोष शर्मा के बल्ले ने किया धमाका..
DC बनाम LSG, IPL 2025, मैच 4: दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के जबड़े से जीत छीन ली, यह कहना बिल्कुल सही होगा क्योंकि लखनऊ ने अपनी ढिलाई के चलते यह मुकाबला गंवा दिया। आखिरी के 3 ओवरों में पूरा मैच पलट गया।
DC बनाम LSG, IPL 2025 हाइलाइट्स: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के चौथे मैच में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 1 विकेट से हरा दिया। विशाखापत्तनम में हुए इस मैच में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का लक्ष्य दिया था।
दिल्ली कैपिटल्स के आशुतोष शर्मा ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे, जिन्होंने 31 गेंदों में नाबाद 66 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने आखिरी ओवरों में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए पूरे मैच का रुख बदल दिया और दिल्ली को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
एक समय दिल्ली की टीम ने 65 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। टीम मुश्किल में नजर आ रही थी और 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर छठा विकेट गिर चुका था, जब स्कोर 113 रन था। यहां से दिल्ली की हार तय मानी जा रही थी।
इसके बाद विपराज निगम ने गेमचेंजर की भूमिका निभाई। उन्होंने आठवें नंबर पर आकर मात्र 15 गेंदों में 39 रन ठोक दिए। उन्होंने आशुतोष शर्मा के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 22 गेंदों में 55 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की। विपराज के आउट होने के बाद आशुतोष ने कमान संभाली और शानदार अंदाज में मैच खत्म किया।
आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर आशुतोष ने दिल्ली को जीत दिलाई। उन्होंने अपनी 31 गेंदों की नाबाद पारी में 5 चौके और 5 छक्के जमाए और लखनऊ के हाथ से जीत छीन ली।
आखिरी के 3 ओवरों में ऐसे पलटा मुकाबला
विपराज के आउट होने के बाद दिल्ली की हार तय लग रही थी। 18 ओवर में टीम को 39 रन की जरूरत थी। क्रीज पर मिचेल स्टार्क और आशुतोष मौजूद थे।
-
18वें ओवर की पहली गेंद पर स्टार्क आउट हो गए। कुलदीप यादव क्रीज पर आए और तीसरी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक आशुतोष को दी।
-
इसके बाद आशुतोष ने तीन गेंदों में 16 रन जड़ दिए। अब आखिरी 2 ओवरों में दिल्ली को 22 रन चाहिए थे।
-
19वें ओवर की पहली गेंद पर कुलदीप ने चौका लगाया, लेकिन तीसरी गेंद पर वह रन आउट हो गए।
-
चौथी गेंद पर आशुतोष ने 2 रन लिए और आखिरी दो गेंदों पर एक छक्का और चौका जड़ दिया।
अब 20वें ओवर में दिल्ली को 6 गेंदों पर 6 रन चाहिए थे।
-
शाहबाज अहमद की पहली गेंद पर मोहित शर्मा ने डॉट खेली और दूसरी गेंद पर सिंगल लिया।
-
तीसरी गेंद पर आशुतोष ने जोरदार छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया।
दिल्ली ने रचा इतिहास
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल इतिहास में 210 रन का सबसे बड़ा सफल रन चेज पूरा किया। साथ ही, यह पहली बार था जब किसी टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 200+ का लक्ष्य हासिल किया। लखनऊ ने पहले तीन हेड-टू-हेड मुकाबले जीते थे, लेकिन अब दिल्ली ने पिछले तीन मैचों में बाजी मार ली है।
दोनों टीमें :
दिल्ली कैपिटल्स: जेक फ्रेजर-मैकगर्क, फाफ डु प्लेसिस, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा और मुकेश कुमार।
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), डेविड मिलर, आयुष बदोनी, मिचेल मार्श, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह, निकोलस पूरन, शाहबाज अहमद, एडेन मार्करम, शार्दुल ठाकुर और रवि बिश्नोई।