IPL 2025: गुजरात के खिलाफ सूर्या-हार्दिक रहे नाकाम – नहीं बदल पाये खेल का परिणाम – मुंबई पर गुजरात टाइटन्स की प्रथम विजय – फिर मिली मुंबई इंडियंस को पराजय..
आईपीएल 2025 के एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने मुंबई इंडियंस को 36 रनों से मात दी। यह मौजूदा सीजन में गुजरात टाइटन्स की पहली जीत रही, जबकि पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने लगातार दूसरा मैच गंवा दिया।
गुजरात टाइटन्स बनाम मुंबई इंडियंस, IPL 2025:
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के नौवें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 36 रनों से पराजित किया। यह मैच 29 मार्च (शनिवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। गुजरात ने मुंबई को जीत के लिए 197 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन मुंबई इंडियंस की टीम 6 विकेट पर 160 रन ही बना सकी। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरी शिकस्त झेलनी पड़ी, जबकि गुजरात टाइटन्स ने इस सीजन में अपनी जीत का खाता खोला।
हार्दिक का बल्ला रहा खामोश
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या और स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव अहम मौकों पर आउट हो गए, जिससे मुंबई की जीत की उम्मीदें धूमिल हो गईं। गौरतलब है कि इस सीजन की शुरुआत दोनों टीमों के लिए अच्छी नहीं रही थी। गुजरात टाइटन्स ने अपना पहला मैच पंजाब किंग्स (PBKS) से 11 रनों से गंवाया था, जबकि मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हाथों 4 विकेट से हार मिली थी।
मुंबई इंडियंस की खराब शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में रोहित शर्मा (8) क्लीन बोल्ड हो गए, जो मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद सिराज ने रयान रिकेल्टन को भी बोल्ड कर दिया, जिससे मुंबई का स्कोर 2 विकेट पर 35 रन हो गया। यहां से तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। तिलक वर्मा ने 36 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था।
तिलक वर्मा को प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट किया, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए रॉबिन मिंज (3) स्पिनर आर. साई किशोर का शिकार बने। इस वक्त मुंबई इंडियंस का स्कोर 108/4 था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या पर टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन दोनों ही अहम मौकों पर आउट हो गए, जिससे मुंबई इंडियंस की हार तय हो गई।