Trump ने भारत और रूस की दोस्ती को लेकर जताई नाराजगी..भारत पर 25% आयात शुल्क लगाया..
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस को लेकर एक बार फिर तीखा बयान दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए भारत और रूस की अर्थव्यवस्थाओं को ‘Dead Economy’ यानी “मरी हुई अर्थव्यवस्था” कहा। ट्रंप ने भारत पर 25% आयात शुल्क लगाने और रूस के साथ व्यापार करने पर सजा देने की भी बात की।
भारत को बताया ‘सबसे ज्यादा टैक्स वसूलने वाला देश’
ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे ज्यादा टैरिफ वसूलने वाला देश है। उन्होंने लिखा कि भारत और रूस दोनों की अर्थव्यवस्था पहले से ही कमजोर है और अगर ये दोनों देश मिलकर काम करते हैं, तो और नीचे गिर जाएंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है कि भारत रूस के साथ क्या कर रहा है।
रूस को भी नहीं छोड़ा निशाने से
डोनाल्ड ट्रंप ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि रूस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और रूस के बीच कोई खास व्यापार नहीं होता और ऐसा ही रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने शब्दों पर ध्यान दें क्योंकि वे खतरनाक भाषा बोल रहे हैं। दरअसल, मेदवेदेव ने हाल में कहा था कि ट्रंप रूस के साथ “अल्टीमेटम गेम” खेल रहे हैं।
भारत ने भी दिया जवाब
भारत सरकार ने ट्रंप की इन टिप्पणियों के बाद जवाब देते हुए कहा है कि वह अपने किसानों, छोटे कारोबारियों और उद्योगों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगी। भारत ने यह भी कहा कि वह अमेरिका के साथ संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते के लिए प्रतिबद्ध है।
टैरिफ की डेडलाइन बढ़ने की उम्मीद नहीं
डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल में पहली बार टैरिफ लगाने की बात कही थी, लेकिन फिर 90 दिनों की छूट दे दी गई थी। अब उन्होंने साफ कर दिया है कि 1 अगस्त की डेडलाइन आखिरी है और इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, “1 अगस्त अमेरिका के लिए एक महान दिन होगा।”
(प्रस्तुति -त्रिपाठी सुमन पारिजात)