Turkman Gate Violence: तुर्कमान गेट हिंसा: कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने पहुंची एमसीडी टीम पर पथराव, 10 गिरफ्तार, कई संदिग्ध हिरासत में..
राजधानी दिल्ली के तुर्कमान गेट क्षेत्र में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हालात अचानक हिंसक हो गए। दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की ओर से देर रात यह कार्रवाई शुरू की गई थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसके विरोध ने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया।
अभियान के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने एमसीडी और दिल्ली पुलिस की टीमों का विरोध करते हुए उन पर पथराव कर दिया। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पथराव की इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से पत्थरबाजी में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चार से पांच प्रमुख संदिग्धों की पहचान कर ली गई है।
जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेंट्रल रेंज) मधुर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही मिनटों में उपद्रवियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
वहीं सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी नितिन वलसन ने जानकारी दी कि एमसीडी की टीम जेसीबी मशीनों के साथ कोर्ट के आदेश के तहत अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों को बताया था कि यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देश पर हो रही है और यदि किसी को आपत्ति है तो वे कानूनी अपील कर सकते हैं। इसके बावजूद लगभग 25 से 30 लोगों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए न्यूनतम बल प्रयोग किया गया।
डीसीपी वलसन के अनुसार, पथराव में घायल हुए पांचों पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एमसीडी की ओर से तोड़फोड़ और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार जारी है। निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया है और सभी उपलब्ध फुटेज की जांच की जा रही है।
देर शाम खबर लिखने तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिल चुकी है।पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि इस घटना में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



