Palak Murder:पलक रजक मौत मामला: “पापा मुझे यहां से ले जाओ…” आखिरी कॉल ने खोले कई राज, ग्वालियर की बेटी की मौत पर उठे गंभीर सवाल..
ग्वालियर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पलक रजक की संदिग्ध मौत ने पूरे मध्य प्रदेश को झकझोर दिया है। मौत से पहले पिता को किए गए आखिरी कॉल में पलक ने प्रताड़ना, दहेज मांग और भूखे रहने की बात कही थी। जानिए पूरा मामला।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया पलक रजक मौत मामला इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। 21 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पलक रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है। परिवार इस घटना को हत्या बता रहा है, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि पलक ने आत्महत्या की है। इस बीच मौत से पहले पिता को किया गया पलक का आखिरी फोन कॉल अब इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल बन गया है।
इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहने वाली पलक रजक अपने छोटे-छोटे वीडियो और तस्वीरों के कारण सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। उनके हजारों फॉलोअर्स थे और लोग उन्हें “इंस्टाग्राम क्वीन” के नाम से भी जानते थे। सोशल मीडिया पर हमेशा मुस्कुराती दिखाई देने वाली पलक के भीतर कितना दर्द था, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। अब उनकी मौत के बाद सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसे कई पोस्ट और संदेश सामने आए हैं, जो मानसिक तनाव और परेशानी की ओर इशारा कर रहे हैं।
परिवार के अनुसार, मौत से कुछ ही देर पहले पलक ने अपने पिता को फोन किया था। इस बातचीत में उसने बेहद भावुक होकर कहा कि ससुराल में उससे कोई बात नहीं करता और पिछले तीन दिनों से उसने खाना तक नहीं खाया है। पलक ने यह भी आरोप लगाया कि उससे कार और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। उसने अपने पिता से कहा कि उसे वहां से ले जाया जाए, क्योंकि उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था।
बताया जा रहा है कि इस कॉल के करीब 20 मिनट बाद पलक के पति अमित रजक का फोन आया। उसने परिवार को सूचना दी कि पलक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनते ही परिवार सदमे में आ गया और तुरंत ससुराल पहुंचा। वहां पहुंचने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
परिवार का कहना है कि पलक लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था। मायके पक्ष के मुताबिक, सास और देवर कार की मांग कर रहे थे, जबकि पति अमित ने कभी भी पलक का साथ नहीं दिया। परिवार का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि पूरी योजना के तहत की गई हत्या है।
पलक की शादी अप्रैल 2025 में अमित रजक से हुई थी, जो एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी बताया जा रहा है। शादी के कुछ समय बाद ही रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था। परिजनों का कहना है कि पलक कई बार अपनी परेशानियों के बारे में बता चुकी थी, लेकिन वह रिश्ते को बचाने की कोशिश करती रही।
मौत के बाद जब पलक का शव परिवार को सौंपा गया, तब परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। लोगों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
हालांकि पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है, लेकिन कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पलक ने खुद फांसी लगाई या फिर किसी ने उसे मौत के घाट उतारकर शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस फिलहाल इसी पहलू की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हैंगिंग का लग रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष अभी नहीं निकाला गया है। डॉक्टरों से दूसरी राय भी ली जाएगी ताकि किसी भी पहलू को नजरअंदाज न किया जाए।
इस केस में एक और महत्वपूर्ण पहलू पलक के सोशल मीडिया पोस्ट हैं। मौत के बाद सामने आए कुछ पोस्ट और स्टेटस में उसने टूटन, अकेलेपन और दर्द भरी बातें लिखी थीं। कई लोगों का मानना है कि यह पोस्ट उसके मानसिक संघर्ष की कहानी बयां करते हैं। हालांकि पुलिस अब डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।
अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं।
ग्वालियर का यह मामला लोगों को ट्विशा शर्मा केस की भी याद दिला रहा है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार लगातार न्याय की गुहार लगाता रहा था। पलक रजक मामले में भी सच क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा।
फिलहाल पूरा शहर इसी सवाल का जवाब जानना चाहता है कि आखिर मुस्कुराती तस्वीरों के पीछे छिपा दर्द इतना गहरा क्यों था, और पलक की मौत के पीछे की असली सच्चाई क्या है।
(अर्चना शैरी)



