Ramaynam एक ऐसी जबर्दस्त फिल्म आने वाली है जो आपकी कल्पना से परे होगी जो जितनी आनंददायक होगी उतनी ही अद्भुत भी होगी..
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायणम्’ में अरुण गोविल अब भगवान राम नहीं, बल्कि महाराज दशरथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। टीवी पर राम का किरदार निभाकर घर-घर में पूजे जाने वाले अरुण को इस नए रोल में दर्शक कितनी स्वीकृति देंगे, ये तो फिल्म की रिलीज के बाद ही पता चलेगा।
हाल ही में दीपिका चिखलिया, जिन्होंने टीवी पर सीता का किरदार निभाया था, ने इस बारे में अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अरुण गोविल को दशरथ के रोल में देखना उन्हें समझ नहीं आ रहा।
राम की जगह दशरथ – फैंस को होगा अजीब?
2026 में रिलीज होने वाली फिल्म ‘रामायणम्’ की कास्ट काफी चर्चित है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि टीवी के राम यानी अरुण गोविल, इस फिल्म में राम नहीं बल्कि दशरथ बने हैं।
इस बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है। कुछ फैंस को यह फैसला असहज लग सकता है, क्योंकि वर्षों से लोग अरुण को राम के रूप में पूजते आए हैं।
दीपिका चिखलिया ने क्यों ठुकराया रामायणम् फिल्म में रोल?
दीपिका चिखलिया ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें इस फिल्म में किसी भी रोल के लिए संपर्क नहीं किया गया था। लेकिन अगर उन्हें ऑफर आता भी, तो वो मना कर देतीं। उनका कहना है:
“मैं टीवी पर पहले ही सीता का किरदार निभा चुकी हूं। अब रामायण में मेरे लिए कुछ नया नहीं है।”
अरुण गोविल को दशरथ के रोल में देखना अजीब: दीपिका
दीपिका ने कहा:
“मैंने हमेशा अरुण को राम के रूप में ही देखा है, और खुद को सीता के रूप में। अब उन्हें दशरथ के किरदार में देखना मेरे लिए समझ से बाहर है। लेकिन ये उनकी अपनी पसंद है। दर्शक उन्हें इस रोल में कैसे स्वीकार करेंगे, ये एक बहुत ही व्यक्तिगत भावना होगी। जो छवि सालों से बनी हो, उसे तोड़ना आसान नहीं होता। अगर आपने राम का किरदार निभाया है, तो आप लोगों के लिए राम ही हैं।”
रामायण पर फिल्म नहीं करेंगी दीपिका
दीपिका ने साफ कहा कि वो रामायण पर बनने वाली किसी भी फिल्म में अब कोई रोल नहीं करेंगी। हां, अगर महाभारत या शिव पुराण पर कोई प्रोजेक्ट हुआ और उन्हें भूमिका मिली, तो वह जरूर विचार करेंगी।
दीपिका और अरुण दोनों को आज भी दर्शकों का ढेर सारा प्यार मिलता है। लोग उन्हें पूजते हैं, उनके पैर छूते हैं। लॉकडाउन के समय जब टीवी पर पुरानी रामायण का दोबारा प्रसारण हुआ था, तो इस शो ने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
अब देखने वाली बात होगी कि अरुण गोविल को दशरथ के रूप में दर्शक कितना अपनाते हैं, खासकर वो लोग जो उन्हें राम के रूप में पूजते आए हैं।
(प्रस्तुति -अंजू डोकानिया)