Most Expensive Trains: कौन रोकता है, कीजिये शाही सफर दुनिया की सबसे महंगी लग्ज़री ट्रेनें – जिनका एक टिकट खरीदने में आ सकता है छोटे फ्लैट जितना खर्च..
रेल यात्रा का नाम सुनते ही आमतौर पर लोगों के ज़हन में कम किराया, भीड़भाड़ वाले डिब्बे और लंबा सफर उभरकर आता है। भारत जैसे देश में तो ट्रेन को अमीर-गरीब सभी के लिए सबसे सुलभ और भरोसेमंद साधन माना जाता है। लेकिन दुनिया के कुछ हिस्सों में रेल यात्रा का मतलब बिल्कुल अलग है—ऐसा अनुभव, जिसके लिए लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं और जिसका किराया कई बार एक लग्ज़री कार या छोटे फ्लैट की कीमत के बराबर होता है।
ये ट्रेनें केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि चलती-फिरती राजमहल जैसी होती हैं। इनके भीतर फाइव-स्टार होटल जैसी सुविधाएं, निजी स्पा, गॉरमेट डाइनिंग, शाही साज-सज्जा और बेहद निजी सेवाएं मिलती हैं। इनका रूट, अनुभव और किराया इतना खास होता है कि इन्हें दुनिया की सबसे एक्सक्लूसिव यात्राओं में गिना जाता है।
आइए जानते हैं दुनिया की उन पांच सबसे महंगी और आलीशान ट्रेनों के बारे में, जिनकी यात्रा का सपना हर कोई देखता है, लेकिन पूरा बहुत कम लोग कर पाते हैं।
महाराजा एक्सप्रेस, भारत
भारत की शान कही जाने वाली महाराजा एक्सप्रेस को देश की सबसे शानदार लग्ज़री ट्रेन माना जाता है। यह ट्रेन आमतौर पर अक्टूबर से अप्रैल के बीच संचालित होती है और विदेशी व घरेलू सैलानियों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इसमें 3 रात/4 दिन और 6 रात/7 दिन के विशेष टूर पैकेज उपलब्ध हैं, जो यात्रियों को जयपुर, उदयपुर, आगरा, वाराणसी जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक शहरों की सैर कराते हैं।
इस ट्रेन में प्रति यात्री किराया करीब 6.9 लाख रुपये से शुरू होकर 22.2 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। इसके डिब्बों की सजावट पूरी तरह शाही अंदाज़ में की गई है। यात्रा के दौरान यात्रियों को किले-महलों का गाइडेड टूर, लग्ज़री केबिन, उम्दा भोजन और व्यक्तिगत सेवा का अनुभव मिलता है, जो इसे एक शाही सफर में बदल देता है।
ट्रेन सुइट शिकि-शिमा, जापान
टोक्यो से चलने वाली ट्रेन सुइट शिकि-शिमा को दुनिया की सबसे विशिष्ट ट्रेनों में शामिल किया जाता है। इसकी सीमित सीटों के कारण इसमें बुकिंग मिलना अपने-आप में एक चुनौती है। यह ट्रेन 2 रात/3 दिन और 3 रात/4 दिन के विशेष पैकेज के तहत तोहोकू और होक्काइदो जैसे खूबसूरत इलाकों की यात्रा कराती है।
इस ट्रेन का किराया प्रति यात्री लगभग 16.8 लाख रुपये से लेकर 19.5 लाख रुपये तक है। पारंपरिक जापानी कला से प्रेरित इसका डिज़ाइन, कांच से बने लाउंज, बदलते मौसम के अनुसार तैयार किया गया गॉरमेट मेनू और बेहद शांत वातावरण इसे खास बनाता है।
वेनिस सिम्पलॉन-ओरिएंट-एक्सप्रेस, यूरोप
रोमांस और इतिहास के शौकीनों के लिए यह ट्रेन किसी सपने जैसी है। वेनिस सिम्पलॉन-ओरिएंट-एक्सप्रेस यात्रियों को 1920 के दशक की बहाल की गई विंटेज बोगियों में सफर का अनुभव देती है। आमतौर पर यह ट्रेन पेरिस से वेनिस के बीच रात भर चलती है।
इस ट्रेन की यात्रा का शुरुआती किराया करीब 3.9 लाख रुपये है। पुरानी दुनिया का आकर्षण, लाइव म्यूजिक, लक्ज़री डाइनिंग और क्लासिक इंटीरियर इसे दुनिया की सबसे यादगार रेल यात्राओं में शामिल करते हैं।
रोवोस रेल, दक्षिण अफ्रीका
“प्राइड ऑफ अफ्रीका” के नाम से मशहूर रोवोस रेल उन यात्रियों के लिए है, जो लग्ज़री के साथ रोमांच भी चाहते हैं। यह ट्रेन 3 रात की छोटी यात्रा से लेकर 14 दिन तक के लंबे रूट्स पर चलती है और दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, नामीबिया और तंजानिया जैसे देशों तक जाती है।
इसका किराया लगभग 3 लाख रुपये से शुरू होकर 15 लाख रुपये से भी अधिक हो सकता है। इसकी खासियत इसका सफारी-स्टाइल अनुभव और विंटेज डिज़ाइन वाली बोगियां हैं, जो यात्रियों को अफ्रीका की शाही और प्राकृतिक दुनिया से रूबरू कराती हैं।
बेलमंड रॉयल स्कॉट्समैन, स्कॉटलैंड
स्कॉटलैंड के हाइलैंड्स की खूबसूरत वादियों से गुजरने वाली बेलमंड रॉयल स्कॉट्समैन को दुनिया की सबसे रोमांटिक और आरामदायक ट्रेनों में गिना जाता है। यह ट्रेन 2 रात से लेकर 7 रात तक के विभिन्न पैकेज में यात्राएं कराती है।
इसका किराया करीब 4.7 लाख रुपये से शुरू होकर 12 लाख रुपये तक जाता है। ट्रेन में शानदार केबिन, ऑन-बोर्ड स्पा, बेहतरीन भोजन और खुले आसमान के नीचे नज़ारे देखने के लिए ओपन-एयर डेक की सुविधा मिलती है, जो इस सफर को बेहद खास बना देती है।
इन ट्रेनों की यात्रा केवल दूरी तय करना नहीं, बल्कि विलासिता, इतिहास और अनोखे अनुभव का संगम है। यही वजह है कि इन्हें दुनिया की सबसे महंगी और एक्सक्लूसिव रेल यात्राओं में गिना जाता है।
(प्रस्तुति -अर्चना शैरी)



