WPL 2025:RCB W vs MI W: मुंबई ने चार विकेट से आरसीबी को हराया, हरमनप्रीत कौर का शानदार अर्धशतक
RCB vs MI महिला प्रीमियर लीग 2025
महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के सातवें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने थे। इस रोमांचक मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीबी को चार विकेट से हरा दिया।
मुंबई की जीत, अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। टीम के अब चार अंक हो गए हैं और नेट रनरेट +0.610 है। वहीं, आरसीबी तीन मैचों में दो जीत के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।
सात विकेट के नुकसान पर 167 रन आरसीबी के
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.5 ओवर में छह विकेट खोकर 170 रन बनाते हुए एक गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर ली। यह मुंबई की मौजूदा टूर्नामेंट में दूसरी जीत है, जबकि आरसीबी को पहली हार का सामना करना पड़ा।
हरमनप्रीत और अमनजोत ने दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत धीमी रही। दूसरे ओवर में किम गार्थ ने यास्तिका भाटिया (8) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद हेली मैथ्यूज और नैट सिवर ब्रंट ने टीम को संभालते हुए 27 गेंदों में 57 रनों की साझेदारी की। राघवी बिष्ट ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए मैथ्यूज (15) को आउट किया।
मुंबई की जीत में हरमनप्रीत कौर और अमनजोत कौर की अहम भूमिका रही। दोनों ने 49 गेंदों में 62 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को जीत की ओर पहुंचाया। कप्तान हरमनप्रीत ने 50 रन की पारी खेली, जबकि अमनजोत कौर 34* रन बनाकर नाबाद रहीं। जी कमालिनी भी 11 रन बनाकर नाबाद लौटीं।
RCB की गेंदबाजी
आरसीबी की ओर से जॉर्जिया वेयरहैम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए, जबकि किम गार्थ ने दो और एकता बिष्ट ने एक विकेट लिया।
मुंबई इंडियंस की इस जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग 2025 में मुकाबला और रोमांचक हो गया है।